भाजपा : राम, राष्ट्रवाद और हिन्दुत्व ने दिलाई सत्ता



भाजपा ने मनाया 40वां स्थापना दिवस, प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं 



यूं तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थापना साल 1980 में हुई है, लेकिन इसके मूल में श्यामाप्रसाद मुखर्जी द्वारा 1951 में निर्मित भारतीय जनसंघ ही है। इसके संस्थापक अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी रहे, जबकि मुस्लिम चेहरे के रूप में सिकंदर बख्त महासचिव बने। 1984 के चुनाव में भाजपा की मात्र 2 सीटें थीं, लेकिन वर्तमान में सर्वाधिक राज्यों में भाजपा की खुद की या फिर उसके समर्थन से बनी हुई सरकारें हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा कांग्रेस के बाद देश की एकमात्र ऐसी पार्टी बनी जिसने चुनाव भले ही गठबंधन साथियों के साथ लड़ा, लेकिन 282 सीटें हासिल कर अपने बूते बहुमत हासिल किया। अयोध्या में राम मंदिर और हिन्दुत्व भाजपा के ऐसे मुद्दे रहे जिनके चलते वह 2 सीटों से 282 सीटों तक पहुंच गई। भाजपा को मजबूत करने में वाजेपयी और लालकृष्ण आडवाणी की अहम भूमिका रही है। आडवाणी की रथयात्रा ने भाजपा के जनाधार को और व्यापक बनाया। 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा के पहले प्रधानमंत्री बने, लेकिन बहुमत न होने के कारण उनकी सरकार 13 दिन में ही गिर गई। 1998 में हुए चुनाव में एक बार फिर वाजपेयी प्रधानमंत्री बने, लेकिन जयललिता के कारण उनकी सरकार फिर गिर गई। 1999 में वाजपेयी फिर प्रधानमंत्री बने और उन्होंने गठबंधन सरकार चलाई। हालांकि 2004 के लोकसभा चुनाव में वे सत्ता में वापसी नहीं कर सके। 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। 2018 में भाजपा के हाथ से मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे प्रमुख हिन्दी भाषी राज्य निकल गए।
पीएम मोदी की अपील, कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जरुरतमंदों की मदद करें पार्टी कार्यकर्ता
देश की राजग सरकार भारतीय जनता पार्टी को आज अस्तित्व में आए पूरे 40 साल हो गए हैं।  इस मौके पर पीएम मोदी  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं और देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा के सभी कार्यकर्त्ताओं ने स्थापना दिवस पर एक भोजन छोड़ कर लॉकडाउन के दौरान कठिनाईयों का सामना कर रहे लोगों के साथ एकजुटता दिखाने की कोशिश की है। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने आज भाजपा के 40 वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के दिशानिर्देशों को ट्वीट किया। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुआ लिखा पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी साथी भाजपा कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं। उन सभी को श्रद्धांजलि, जिन्होंने दशकों से पार्टी का निर्माण करने के लिए कड़ी मेहनत की है, जिसके कारण भाजपा को हमारे देश के करोड़ों भारतीयों की सेवा करने का अवसर मिला है।
जरुरतमंदों की करें मदद: पीएम
पीएम मोदी ने आगे द्वीट करते हुए लिखा भाजपा का 40वां स्थापना दिवस ऐसे समय में आया है, जब देश कोविड-19 से लड़ रहा है। मैं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे पार्टी कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के दिशानिर्देशों का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जरूरतमंदों की मदद करें। एकजुट होकर भारत को कोविड-19 से मुक्त करें।
अमित शाह ने भी दी बधाई
वहीं शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा भारत के लोकतंत्र की सच्ची वाहक भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की समस्त कार्यकर्ताओं व देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने आगे लिखा अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा और सिद्धांतों से भाजपा ने सदैव राष्ट्रहित के लिए अपना सर्वस्व अर्पण किया है।