देश में 8 हजार 356 लोग संक्रमित ,715 ठीक, 242 की मौत


नई दिल्ली , देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 8 हजार 734 हो गई। रविवार को 259 मामले आए। इनमें से महाराष्ट्र में 134, राजस्थान में 51, मध्यप्रदेश में 52, गुजरात में 25, कर्नाटक में 11 और पश्चिम बंगाल में 8 मरीज मिले। शनिवार को देश में 854 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। यह लगातार तीसरा दिन रहा जब संक्रमितों की संख्या 800 के पार गई। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों के आंकड़ों के अनुसार हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, रविवार सुबह 8 बजे तक देश में 8 हजार 356 लोग संक्रमित हैं। इनमें से 7 हजार 367 का इलाज चल रहा है। 715 ठीक हुए हैं और 242 की मौत हो चुकी है।


 हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन टेबलेट मददगार 


एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि लैब से प्राप्त कुछ डेटा से पता चलता है कि हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन का कोविड-19 के संक्रमण में कुछ असर हो सकता है, लेकिन यह बात पुख्ता नहीं है। आईसीएमआर के विशेषज्ञों का मानना है कि यह कोरोनावायरस के क्लोज कॉन्टैक्ट में रहे लोगों के लिए कुछमददगार हो सकती है, लेकिन यह सभी के इलाज के लिए नहीं है। इससे हृदय से संबंधित परेशानियां हो सकती हैं। यह धड़कनों पर असर डाल सकती है। दूसरी दवाओं की तरह इसके भी साइड इफेक्ट्स हैं। यह आम लोगों के लिए फायदे से ज्यादा नुकसानदेह हो सकती है। 


 हेल्थ बुलेटिन से मरकज का कॉलम हटा, अब अंडर स्पेशल ऑपरेशंस लिखा जा रहा


निजामुद्दीन मरकज में जुटी तब्लीगी जमात को देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने की बड़ी वजह माना जा रहा है, लेकिन अब केजरीवाल सरकार ने अपने हेल्थ बुलेटिन से मरकज कैटेगरी हटा दी है। इसकी जगह अंडर स्पेशल ऑपरेशंस लिखा जा रहा है। मरकज के लोगों के आंकड़े अलग लिखे जाने पर दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग ने आपत्ति जताई थी। 


महाराष्ट्र, बंगाल, तेलंगाना, पंजाब और ओडिशा में लॉकडाउन बढ़ा
इधर, देश में पांच राज्यों ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल और तेलंगाना सरकार ने शनिवार को लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाने की घोषणा की। वहीं, पंजाब और ओडिशा पहले ही यह फैसला ले चुके हैं। इधर, कयास लगाए जा रहे हैं कि केंद्र सरकार देशभर में लॉकडाउन को दो हफ्ते के लिए बढ़ा सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मुख्यमंत्रियों के साथ करीब 4 घंटे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। बैठक के तुरंत बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने का सही फैसला लिया है।’’